14 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/ सिंधी कॉलोनी
बिलासपुर। शहर के वार्ड क्रमांक 20 स्थित भक्त कंवर रामनगर सिंधी कॉलोनी में उस समय तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई, जब क्षेत्र के वार्डवासी अपनी मूलभूत समस्याओं को लेकर पार्षद पति सुरेश वाधवानी के पास पहुंचे।
आरोप है कि समस्याएं सुनने के बजाय सुरेश वाधवानी ने वार्डवासियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की, जिससे माहौल गरमा गया और लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।
घटना के बाद कॉलोनी में आक्रोश का माहौल है। वार्डवासियों का कहना है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर जनप्रतिनिधियों के पास जाते हैं, लेकिन इस तरह का व्यवहार न केवल अस्वीकार्य है बल्कि जनभावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला भी है।
स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आमजन को सम्मानजनक व्यवहार मिल सके।
फिलहाल, इस मामले में पार्षद पति सुरेश वाधवानी का पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आ पाया है।
