14 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/चकरभाठा
बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसते हुए थाना चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम सेवार में दबिश देकर एक महिला के कब्जे से 36 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त करते हुए उसे गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश के मार्गदर्शन में चकरभाठा पुलिस टीम ग्राम पेट्रोलिंग पर थी।

इसी दौरान 14 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सेवार निवासी सरिता वर्मा अपने घर के बाड़ी में हाथ भट्टी से बनी महुआ शराब का अवैध रूप से भंडारण और बिक्री कर रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर छापा मारा।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक पीले प्लास्टिक बोरे में 12 सफेद पारदर्शी पन्नियां मिलीं, जिनमें प्रत्येक में 3-3 लीटर महुआ शराब भरी हुई थी। कुल 36 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 7200 रुपये बताई गई है।
शराब रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने आरोपी सरिता वर्मा (36 वर्ष) के खिलाफ अपराध क्रमांक 212/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
