14 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर जिलेभर की ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्रामसभाओं के तहत तखतपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत छतौना में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस मौके पर कलेक्टर संजय अग्रवाल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने ग्रामसभा में पहुंचकर कार्यवाही का अवलोकन किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर की गई। ग्रामसभा में सर्वसम्मति से दीनबंधु को अध्यक्ष चुना गया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ग्रामसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह मंच गांव के विकास की नींव है, जहां जनता की भागीदारी से योजनाएं बनती हैं और उनका बेहतर क्रियान्वयन संभव होता है। उन्होंने संविधान की मूल भावना का उल्लेख करते हुए अधिकारों के साथ कर्तव्यों के निर्वहन पर भी जोर दिया।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें सुपोषित बनाने, पालक चौपाल के जरिए जागरूकता बढ़ाने और “पोषण पखवाड़ा” के तहत जनसहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। इस दौरान ग्रामीणों को सुपोषण की शपथ भी दिलाई गई।
जल संरक्षण को लेकर कलेक्टर ने हर घर में सोख्ता गड्ढा बनाने की सलाह दी और गिरते जलस्तर को देखते हुए इसे जरूरी बताया। साथ ही अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल ने कहा कि ग्रामसभा लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है, जहां हर व्यक्ति की सीधी भागीदारी होती है। सामूहिक चर्चा से गांव के विकास की ठोस कार्ययोजना तैयार होती है, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव होता है।
ग्रामसभा में जल संरक्षण, वृक्षारोपण, पोषण सुधार, आवास योजना समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा कर उन्हें स्वीकृति दी गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और विकास के लिए सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
