14 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 14 अप्रैल 2026। जिले में 14 से 20 अप्रैल तक मनाए जा रहे अग्नि सुरक्षा सप्ताह का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई जागरूकता रैली में करीब 200 जवानों ने भाग लेकर आम नागरिकों को आग से बचाव का संदेश दिया।
रैली को मुंगेली नाका चौक से उप महानिरीक्षक नगर सेना एवं एसडीआरएफ एल.पी. वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संभागीय सेनानी के मार्गदर्शन, जिला अग्निशमन अधिकारी दीपांकूर नाथ के निर्देशन एवं स्टेशन फायर ऑफिसर वेदनारायण सेन के नेतृत्व में रैली का सफल संचालन हुआ।
रैली मुंगेली नाका से प्रारंभ होकर नेहरू चौक, देवकी नंदन चौक, गोल बाजार, गांधी चौक, तारबहार, सीएमडी चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग, व्यापार विहार, महाराणा प्रताप चौक, रिंग रोड और मंगला चौक होते हुए पुनः मुंगेली नाका पहुंचकर संपन्न हुई।
अग्नि सुरक्षा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य अग्नि दुर्घटनाओं में शहीद हुए अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करना और लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। दरअसल, मुंबई विक्टोरिया डॉक अग्निकांड 1944 की घटना में सैकड़ों लोगों के साथ 66 अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राण न्यौछावर किए थे, जिनकी स्मृति में हर वर्ष यह सप्ताह मनाया जाता है।
रैली के दौरान नागरिकों को आग लगने की स्थिति में क्या करें और क्या न करें, इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आग से बचाव के उपाय और सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया।
पूरे सप्ताह जिले में रैली, बैनर-पोस्टर, निबंध प्रतियोगिता और मॉक ड्रिल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें।
भीषण गर्मी को देखते हुए नागरिकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है, ताकि संभावित अग्नि हादसों से बचा जा सके।
