बिलासपुर, 13 अप्रैल 2026। तखतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो शादी बारात में चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा था। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रात्रि चेकिंग गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जरौधा बस स्टैंड के पास दैहान इलाके में एक व्यक्ति चाकू लेकर बारात में आए लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रफुल्ल पाण्डेय उर्फ छोटू (35 वर्ष), निवासी जरौधा, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में सउनि रमेश कुमार ओरके, आरक्षक हरिश यादव, राजकुमार श्याम एवं संतोष पोर्ते का सराहनीय योगदान रहा।
