बिलासपुर:मस्तूरी चिरायु (आरबीएसके) टीम ने एक बार फिर सराहनीय कार्य करते हुए 11 माह के मासूम ध्रुवेश पुरी की जान बचाई है। ग्राम नरगोड़ा के आंगनवाड़ी केंद्र में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान बच्चा गंभीर जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित पाया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिरायु टीम ने तुरंत बच्चे को जिला अस्पताल रेफर किया। प्राथमिक जांच के बाद उसे रायपुर भेजा गया, जहां कॉम्प्लेक्स सायनोटिक हार्ट डिजीज की पुष्टि हुई। बेहतर इलाज के लिए बच्चे को आगे चेन्नई के अपोलो चिल्ड्रेन हॉस्पिटल भेजा गया।
शुरुआत में परिजन ऑपरेशन को लेकर असमंजस में थे, लेकिन टीम की लगातार काउंसलिंग के बाद वे तैयार हुए। 1 अप्रैल 2026 को बच्चे की सफल ओपन हार्ट सर्जरी की गई। वर्तमान में बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर चिरायु टीम की सराहना की है। परिजनों ने भी स्वास्थ्य विभाग और शासन का आभार व्यक्त करते हुए इस योजना को गरीबों के लिए वरदान बताया है।
