10 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/तखतपुर/सकरी
बिलासपुर – जिले के तखतपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सकरी तहसील के ग्राम घानापार रोड से मंगला जाने वाले मार्ग पर शासकीय भूमि में पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। जिस जमीन पर पहले महत्वाकांक्षी योजना के तहत गौठान संचालित किया जाता था, अब वही भूमि अवैध कटाई को लेकर विवादों में घिर गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस शासकीय भूमि पर खड़े बबूल सहित अन्य पेड़ों की अंधाधुंध कटाई की जा रही थी। इस मामले में ग्राम जोंकी पंचायत के सरपंच गया साहू और उप सरपंच अशोक यादव पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

मामले का खुलासा तब हुआ जब गांव के पंचों और जागरूक ग्रामीणों ने मौके पर नजर रखी। इसी दौरान एक ट्रैक्टर में बबूल की लकड़ी भरकर ले जाते हुए पकड़ा गया। ट्रैक्टर चालक ने ग्रामीणों को बताया कि उसे यह लकड़ी सरपंच और उप सरपंच के कहने पर लोड कर ले जाने के लिए कहा गया था। ग्रामीणों के अनुसार पिछले दो दिनों से लगातार कटाई का कार्य जारी था।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग और राजस्व विभाग को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची टीम ने ट्रैक्टर सहित लकड़ी को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिना संरक्षण के इतनी बड़ी मात्रा में कटाई संभव नहीं है।
फिलहाल मामला जांच के अधीन है और अब पूरे क्षेत्र की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में क्या सामने आता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि शासकीय संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
