09 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
बिलासपुर / जांजगीर-चांपा
सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर शादी का झांसा देकर युवती के साथ अनाचार करने वाले आरोपी को मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में पुलिस की सक्रियता और तेजी से की गई कार्रवाई सराहनीय मानी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान वर्ष 2022 में इंस्टाग्राम के माध्यम से अनिकेत तांडे (20) निवासी सोनादुला, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा से हुई थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत धीरे-धीरे गहरी दोस्ती में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी बताया और युवती के घर पहुंचकर परिजनों के सामने शादी का प्रस्ताव भी रखा।

आरोप है कि शादी का भरोसा दिलाकर आरोपी ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। लेकिन कुछ समय बाद आरोपी शादी से मुकरने लगा, जिसके बाद पीड़िता ने थाना मुलमुला में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 116/2026 के तहत धारा 64(2)(M) एवं 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन हीरापुर (रायपुर) में मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल और उनकी टीम की अहम भूमिका रही, जिनकी तत्परता से आरोपी को जल्द पकड़ने में सफलता मिली।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सतर्क रहें और किसी भी प्रकार के झांसे में आने से बचें।

