08 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सिटी कोतवाली
बिलासपुर। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के कतियापारा में एक युवक द्वारा घर में घुसकर मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 7 अप्रैल 2026 को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि 6 अप्रैल की रात करीब 7:30 बजे आरोपी अभय पाण्डेय उसके घर पहुंचा और शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग करने लगा। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौच शुरू कर दी और घर में घुसकर प्रार्थिया, उसकी बहन और भाभी के साथ मारपीट की।

इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने पास रखे लोहे के धारदार चापड़ से हमला कर घायल कर दिया और प्रार्थिया के पैर में दांत से काटकर भी चोट पहुंचाई।
मामले में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त धारदार चापड़ भी जप्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
✍️प्रधान संपादक – सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️
