08 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर बिलासपुर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के तहत 1186 शराबी वाहन चालकों पर कार्रवाई कर उनके प्रकरण माननीय न्यायालय भेजे गए हैं, वहीं सभी के लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को प्रतिवेदन भी भेजा गया है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में जिलेभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती के साथ कार्रवाई की जा रही है, साथ ही आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
यातायात पुलिस द्वारा किए गए विश्लेषण में सामने आया है कि अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे और शाम 4 बजे से रात 9 बजे के बीच होती हैं। वहीं 17 से 35 वर्ष आयु वर्ग के वाहन चालक सबसे अधिक दुर्घटनाओं में शामिल पाए गए हैं।
दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में तेज गति, नशे की हालत में वाहन चलाना, गलत ओवरटेकिंग, अचानक लेन बदलना, हेलमेट न पहनना और यातायात नियमों की अनदेखी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग, राजकीय मार्ग और एमडीआर पर दुर्घटनाएं अधिक होती हैं, जिनमें दुपहिया, कार, पिकअप और ट्रक चालक जिम्मेदार पाए गए हैं।
यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए शहर में ट्रैफिक सिग्नल, सड़क चिन्ह, भारी वाहनों का डायवर्जन और एकांगी मार्गों का उपयोग बढ़ाया जा रहा है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी कर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
स्कूल, कॉलेज और विभिन्न संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाकर खासकर युवाओं को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर चलते समय सभी सुरक्षा मापदंडों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और जीवन की रक्षा हो सके।
