04 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बिल्हा
बिलासपुर। थाना बिल्हा पुलिस को चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी सहित कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही चोरी किए गए घरेलू सामान की भी बरामदगी की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपराध क्रमांक 534/2025 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 3(5), 317(2) भा.न्या.सं. के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिल्हा द्वारा टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

दिनांक 03 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फरार आरोपी दीपक यादव (41 वर्ष), निवासी अमेरी अकबरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी किए गए सामान को दगौरी निवासी संजय भारद्वाज (36 वर्ष) और सुरेश टंडन (40 वर्ष) को बेचने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने दोनों खरीदारों के घर से चोरी का सामान, जिसमें कूलर, काउंटर टेबल, दीवान पलंग और फ्रिज शामिल हैं, कुल कीमत लगभग ₹23,000 का मशरूका बरामद किया।
तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान, प्रधान आरक्षक अरविंद तिग्गा, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की सराहनीय भूमिका रही।