04 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तारबहार
बिलासपुर। थाना तारबाहर पुलिस ने बड़े ठगी मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने फर्जी भुगतान के स्क्रीनशॉट भेजकर लाखों रुपये के अनाज की ठगी को अंजाम दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संदीप अग्रहरि, जो व्यापार विहार बिलासपुर में अनाज के थोक व्यापारी हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि भटगांव निवासी राजेंद्र खांडेकर द्वारा नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच कई बार अनाज मंगवाया गया। आरोपी हर बार भुगतान के नाम पर फर्जी स्क्रीनशॉट भेजता रहा, लेकिन वास्तविक रूप से प्रार्थी के खाते में एक भी रुपये जमा नहीं हुए।

इस तरह आरोपी ने कुल ₹17,84,000 की ठगी को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी राजेंद्र खांडेकर (32 वर्ष), निवासी झूमरपाली भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल, एक लैपटॉप, तीन कट्टी अरहर दाल, चार कट्टी गेहूं और 74 कट्टी चावल जब्त किया गया है।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रविन्द्र अनंत, एएसआई संजय शर्मा, प्रधान आरक्षक जय सिंह ध्रुवे एवं आरक्षक रूपलाल चंद्रा का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि लेन-देन के दौरान केवल बैंक में वास्तविक भुगतान की पुष्टि के बाद ही माल की डिलीवरी करें, ताकि इस प्रकार की ठगी से बचा जा सके।