04 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय में “यातायात की पाठशाला” का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों और प्रशिक्षार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के प्रभारियों को प्रशिक्षण दिया गया।

इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं के कारण, उनके निवारण, राहगीर योजना तथा आधुनिक ITMS प्रणाली की जानकारी साझा की गई। साथ ही उपस्थित शिक्षकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रचार-प्रसार के लिए ब्रांड एंबेसडर की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम में NSS समन्वयक मनोज सिन्हा सहित लगभग 100 प्रतिभागी उपस्थित रहे। यातायात विभाग की ओर से मास्टर ट्रेनर उमाशंकर पांडे एवं अन्य अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्रदान किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में युवा वर्ग में यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले अधिक सामने आ रहे हैं, जैसे तेज गति से वाहन चलाना, स्टंट करना, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का उपयोग करना। ऐसे में शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें।
कार्यशाला के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जा सके।
प्रधान संपादक – सीजी क्राइम रिपोर्टर…✍️✍️