06 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 6 मार्च 2026। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 8 मार्च 2026 को एक दिवसीय महिला खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई बिलासपुर में प्रातः 10 बजे से शुरू होगी।
इस प्रतियोगिता में महिलाओं के लिए कबड्डी, आर्चरी, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल जैसे चार प्रमुख खेलों का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में 12 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगी, जिससे विभिन्न आयु वर्ग की महिलाएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने सभी इच्छुक महिलाओं से समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर प्रतियोगिता में भाग लेने का आग्रह किया है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल गतिविधियों के प्रति जागरूक करना है। साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों के माध्यम से स्वयं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रेरित करना भी है। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश देगा।
