06 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
ब्रेकिंग न्यूज | बिलासपुर–रायपुर मार्ग
रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर दरचुरा के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने यात्रियों से भरी बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के वक्त बस में करीब 35 से अधिक यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
