बिलासपुर। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब लालखदान चौक के पास युवकों के दो गुटों के बीच सरेराह जमकर मारपीट हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात-मुक्कों के साथ पत्थरों से हमला किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि झगड़ा करने वाले युवक देवरीखुर्द और लालखदान इलाके के रहने वाले हैं और अधिकतर नशे की हालत में थे। सड़क के बीच हुई इस मारपीट से कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
