20 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
जिले में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित बारहवीं बोर्ड परीक्षा आज से प्रारंभ हो गई है। सभी परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में परीक्षा संपन्न कराई जा रही है।
परीक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग के प्रभारी संयुक्त संचालक अनिल तिवारी एवं सहायक संचालक सतीश कुमार पाटिल द्वारा जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सेजेस रतनपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखराम, शहीद नूतन सोनी शासकीय उमावि रतनपुर, शासकीय उमावि भरारी, सेजेस सेन्दरी एवं शासकीय उमावि सेमरताल केंद्रों का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण में सभी केंद्रों पर परीक्षा का संचालन सुचारू एवं नियमबद्ध पाया गया। संयुक्त संचालक श्री तिवारी ने केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों को पर्यवेक्षण पंजी, प्रश्न पत्र लेखा एवं उत्तर पुस्तिका लेखा का संधारण व्यवस्थित ढंग से करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पर्यवेक्षकों की ड्यूटी निर्धारण में सतर्कता एवं पारदर्शिता बरतने पर विशेष जोर दिया।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे छात्र-छात्राएं निर्भीक होकर परीक्षा दे सकें।
