20 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 20 फरवरी 2026। उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने नेहरू चौक स्थित अपने शासकीय कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में सैकड़ों नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक मांगों और शिकायतों को सीधे उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
उपमुख्यमंत्री श्री साव ने प्रत्येक आवेदन को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनदर्शन का उद्देश्य आम जनता को त्वरित राहत प्रदान करना है।

जनदर्शन में प्रगतिशील युवा स्वर्णकार समाज, बिलासपुर के प्रतिनिधियों ने सामाजिक भवन में कथित अवैध निर्माण को रोकने एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं ग्राम पंचायत डेका के सरपंच ने लाल खदान से दर्रीघाट तक डिवाइडर में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग रखी, जिससे आवागमन सुरक्षित हो सके। देसहा कुर्मी क्षेत्रीय महासभा सेमरसल, मुंगेली के अध्यक्ष कलेश्वर कश्यप ने कुर्मी समाज के सामुदायिक भवन की स्वीकृति हेतु आवेदन सौंपा।

इसके अलावा प्रेस कर्मचारी संघ के महासचिव तेरस यादव ने अपने पुत्र की उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। पद्मश्री सम्मानित रामलाल बरेठ ने अपनी 90वीं वर्षगांठ पर आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम के लिए उपमुख्यमंत्री को आमंत्रित किया। नगर पालिका निगम बिलासपुर की वार्ड क्रमांक 54 की पार्षद रानी देवांगन ने पुराना तालाब, चिंगराजपारा के सौंदर्यीकरण की मांग रखी। वहीं श्री राम जानकी कल्याण सेवा समिति सेमरसल द्वारा हाई स्कूल एवं मेला स्थल में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग भी की गई, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज की समस्या का समाधान हो सके।
उपमुख्यमंत्री श्री साव ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध और संवेदनशील है।
