10 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देश पर आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आज नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों और शहरी नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने एक-एक आवेदक से मुलाकात कर आवेदन प्राप्त किए और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में सहायक कलेक्टर श्री अरविंथ कुमारन एवं अपर कलेक्टर श्री एस.एस. दुबे भी उपस्थित रहे। लगभग 50-60 लोगों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।

ग्राम पंचायत धौराभाठा के सरपंच एवं ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला और अतिरिक्त कक्ष भवन के जर्जर होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि छत का प्लास्टर गिर रहा है और बारिश में सीपेज की समस्या से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। इस पर कमिश्नर श्री सर्वे ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
संत कबीरदास नगर वार्ड 11 के निवासी संजीव पाल ने वार्ड में सड़क एवं नाली निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि गड्ढों के कारण आवागमन बाधित हो रहा है और बरसात में समस्या गंभीर हो जाती है। इस मामले को नगर निगम आयुक्त द्वारा देखा जाएगा।

तालापारा निवासी श्यामकली खूटे ने अग्निकांड से क्षतिग्रस्त आवास के लिए सहायता राशि की गुहार लगाई। वहीं मोपका वार्ड 48 के नागरिकों ने जोगनिन-जोगिया तालाब के रास्ते पर बाउंड्रीवाल निर्माण की शिकायत की, जिसे एसडीएम बिलासपुर को सौंपा गया।
करबला रोड निवासी श्रीमती जबीन फातिमा ने आवास पर कब्जे की शिकायत की, जबकि दर्री गांव (तखतपुर) के श्री लल्लू राम केंवट ने भूमि पुनः सीमांकन हेतु आवेदन दिया। शुभम विहार कॉलोनी के श्री रमेश कुमार रावल ने वृद्धापेंशन फॉर्म जमा न किए जाने की समस्या उठाई।
प्रशासन ने सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त मंच मिल रहा है।
