10 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 10 फरवरी 2026।
जिले में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ आज से कर दिया गया है। यह विशेष अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी तक जिले के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होगा। इसका उद्देश्य आमजन को फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव हेतु जागरूक करना तथा सामूहिक रूप से दवा सेवन सुनिश्चित कर रोग के प्रसार को रोकना है।

अभियान की शुरुआत जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में हुई, जहां नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे, सहायक कलेक्टर श्री अरविंथ कुमारन, एडीएम श्री शिव कुमार बनर्जी सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने सामूहिक रूप से दवा का सेवन कर जनसामान्य को सकारात्मक संदेश दिया। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर दवा का सेवन अवश्य करें और अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा अभियान अवधि में घर-घर जाकर दवा का वितरण किया जाएगा। साथ ही लोगों को फाइलेरिया के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाली बीमारी है, जिसे समय पर दवा सेवन और सामूहिक प्रयासों से नियंत्रित किया जा सकता है।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य को दवा अवश्य दिलाएं और जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने में सहयोग करें। यह अभियान स्वस्थ समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
