10 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपु
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज प्रदेशभर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर 6,412 जोड़ों ने दांपत्य जीवन की नई शुरुआत की। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय रायपुर स्थित मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए तथा वर्चुअली जुड़कर सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। साथ ही उन्होंने कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का भी शुभारंभ किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन स्वर्गीय बी.आर. यादव बहतराई स्टेडियम, बिलासपुर में किया गया, जहां 175 पात्र जोड़ों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। समारोह में विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री दिलीप लहरिया, श्री अटल श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नव दंपत्तियों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि राज्य सरकार निर्धन परिवारों के बेटा-बेटियों की जिम्मेदारी साझा कर रही है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को बड़ा आर्थिक संबल मिला है और उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण दायित्व सरकार निभा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से गरीबों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।
महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने योजना को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए वरदान बताते हुए कहा कि इससे बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो रहा है। वहीं क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि यह योजना निर्धन परिवारों के लिए संवेदनशील पहल है, जो उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करती है।

शासन की ओर से प्रत्येक हितग्राही जोड़े को 35 हजार रुपये का चेक, 1 हजार रुपये की परिवहन सहायता तथा विवाह हेतु वस्त्र, मंगलसूत्र एवं श्रृंगार सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, बिल्हा जनपद अध्यक्ष श्री राम कुमार कौशिक सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से एडीएम श्री शिवकुमार बनर्जी, एसडीएम श्री मनीष साहू तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
यह आयोजन न केवल सामाजिक समरसता का प्रतीक बना, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी सोच को भी साकार रूप में प्रस्तुत करता नजर आया।
