10 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/महासमुंद/सोहागपुर
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत महासमुंद जिले के ओडिशा सीमा से लगे ग्राम पंचायत टेड़ीनारा के सोहागपुर में विकास की नई इबारत लिखी गई है। अब गांव के हर घर में नल से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों की वर्षों पुरानी जल समस्या का स्थायी समाधान हो गया है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 54 लाख 38 हजार रुपये की लागत से यहां 40 किलो लीटर क्षमता का उच्च स्तरीय जलागार निर्मित किया गया है। इसके साथ ही 2800 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर 140 घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। दिसंबर माह में सोहागपुर को औपचारिक रूप से ‘हर घर जल ग्राम’ घोषित किया जा चुका है।

पहले ग्रामीण हैंडपंप, पावर पंप और कुओं पर निर्भर थे। विशेषकर बरसात के मौसम में महिलाओं को दूर-दूर से पानी लाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब घर-घर जल पहुंचने से न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि महिलाओं को आजीविका, बच्चों की देखभाल और घरेलू कार्यों के लिए अधिक समय मिल रहा है।

जल जीवन मिशन की यह पहल सीमांत गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसने सोहागपुर की जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव ला दिया है।
