05 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
डाक विभाग ने आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब जिले के सभी शाखा डाकघरों में भी स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस नई व्यवस्था के तहत लोग अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज, आवेदन पत्र, पार्सल एवं अन्य सामग्री को तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय माध्यम से देश के किसी भी हिस्से में भेज सकेंगे। इसके लिए अब मुख्य डाकघर या उपडाकघर तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि नजदीकी शाखा डाकघर से ही स्पीड पोस्ट की सुविधा प्राप्त की जा सकेगी।
डाक विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह सेवा विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा डाक सेवाओं की पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी।
डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी शाखा डाकघर से संपर्क किया जा सकता है।
