मध्यम वर्ग को बड़ी राहत, छत्तीसगढ़ के लिए खुलेंगे विकास और रोजगार के नए द्वार
02 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर……
बिलासपुर
संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के पूर्व मंडल मंत्री एवं पूर्व जिला आईटी सेल सदस्य वेंकट राव ने इसे विकसित भारत के लक्ष्य को सशक्त आधार देने वाला दूरदर्शी और सर्वसमावेशी बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग—मध्यम वर्ग, किसान, युवा, महिलाएं, श्रमिक और उद्योग—की अपेक्षाओं को संतुलित रूप से पूरा करता है।
वेंकट राव ने कहा कि कर सुधारों के माध्यम से मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी गई है। ₹12 लाख तक की आय को करमुक्त किए जाने से आम नागरिक की क्रय शक्ति बढ़ेगी। वेतनभोगी वर्ग एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए कर में दी गई अतिरिक्त छूट को उन्होंने सराहनीय और स्वागत योग्य कदम बताया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे जनजातीय और खनिज-बहुल राज्य के लिए यह बजट कई नई संभावनाएं लेकर आया है। जनजातीय स्वास्थ्य, सड़क, रेल और कनेक्टिविटी पर विशेष जोर से बस्तर और सरगुजा जैसे अंचलों को विकास की नई दिशा मिलेगी।
वेंकट राव के अनुसार खनन, माइनिंग रेलवे, औद्योगिक क्लस्टर, पर्यटन, खेल और आई-बस जैसी योजनाओं से रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। वहीं डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, एआई आधारित कृषि सलाह, ग्रामीण आवास योजनाएं गांवों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाएंगी।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास से जुड़े प्रावधान यह स्पष्ट करते हैं कि यह बजट केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक उत्थान का भी मजबूत दस्तावेज है।
अंत में वेंकट राव ने कहा कि यह बजट भारत को विश्व आर्थिक शक्ति बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
