30 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ द्वारा जिले में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके बलिदान और आदर्शों को स्मरण किया गया। इसके पश्चात सेजेस महारानी लक्ष्मी बाई विद्यालय में गांधी जी की स्मृति में “सर्वधर्म प्रार्थना सभा” का आयोजन हुआ, जिसमें जिलेभर से 200 से अधिक स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स, स्काउटर एवं गाइडर उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के राज्यमुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा एवं राज्य सचिव श्री जितेन्द्र कुमार साहू के निर्देशानुसार तथा जिला मुख्य आयुक्त श्री चंद्रप्रकाश बाजपेयी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय टांडे एवं सहायक राज्य आयुक्त (स्काउट) श्री विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला मुख्य आयुक्त श्री चंद्रप्रकाश बाजपेयी ने कहा कि महात्मा गांधी भारत के स्वतंत्रता संग्राम के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक थे। सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर आधारित उनके आंदोलन ने देश को स्वतंत्रता दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि गांधी जी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं, जिनके आदर्श आज भी समाज को दिशा देते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला मुख्य आयुक्त श्री चंद्रप्रकाश बाजपेयी उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता सहायक राज्य आयुक्त (स्काउट) श्री विजय कुमार यादव ने की।
इस अवसर पर सेजेस महारानी लक्ष्मी बाई विद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रज्ञा गोपाल, जिला सचिव श्रीमती लता यादव, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) श्री महेन्द्र बाबू टंडन, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) श्री संतोष त्रिपाठी सहित अनेक अधिकारी, स्काउटर-गाइडर तथा बड़ी संख्या में स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को जीवन में आत्मसात करने और सत्य-अहिंसा के मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ किया गया।
