परीक्षा से 30 मिनट पहले बंद होंगे केंद्रों के मुख्य द्वार
27 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर….
बिलासपुर,
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) 2026 का आयोजन 1 फरवरी को किया जाएगा। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं व्यापम द्वारा परीक्षार्थियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश और ड्रेस कोड जारी किए गए हैं।
कक्षा 1 से 5 तक अध्यापन हेतु शिक्षक पात्रता परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 12:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि कक्षा 6 से 8 तक अध्यापन हेतु परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से 5:45 बजे तक संपन्न होगी।
⏰ समय से पहले पहुंचना अनिवार्य
व्यापम के निर्देशानुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा दिवस से एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन करने की सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा, जिससे फिस्किंग और फोटोयुक्त पहचान पत्र का सत्यापन किया जा सके।
परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व बंद कर दिया जाएगा।
प्रथम पाली: सुबह 9:30 बजे परीक्षा, मुख्य द्वार सुबह 9:00 बजे बंद
द्वितीय पाली: दोपहर 3:00 बजे परीक्षा, मुख्य द्वार दोपहर 2:30 बजे बंद
👔ड्रेस कोड और प्रतिबंध
परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनने होंगे। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना प्रतिबंधित रहेगा। केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) की अनुमति होगी, जिसे सुरक्षा जांच के समय उतारकर जांच करानी होगी।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा और अतिरिक्त सुरक्षा जांच के बाद ही अनुमति दी जाएगी।
फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना प्रतिबंधित रहेगा।
❌प्रतिबंधित सामग्री
परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है। अनुचित साधनों के प्रयोग पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी।
परीक्षार्थी केवल काले या नीले बॉल पेन लेकर ही परीक्षा केंद्र आएं।
व्यापम ने सभी अभ्यर्थियों से निर्देशों का पूर्णतः पालन करने की अपील की है।
