मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फहराया राष्ट्रध्वज, परेड और झांकियों ने मोहा जनमानस
26 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर….
बिलासपुर
जिले में 77वां गणतंत्र दिवस गरिमा, गौरव और देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रगान के साथ वर्दीधारी अधिकारियों द्वारा सलामी दी गई, वहीं मुख्यमंत्री ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर और तिरंगे गुब्बारे छोड़कर उत्सव का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन करते हुए विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों का सम्मान किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

🇮🇳.भव्य परेड ने बढ़ाया समारोह का गौरव
परेड कमाण्डर प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में 13 प्लाटूनों ने अनुशासन और शौर्य का शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर श्रेणी में पहला स्थान सशस्त्र पुलिस बल 2री बटालियन सकरी और दूसरा स्थान नगर सेना महिला बल को मिला। जूनियर श्रेणी में एनसीसी सीनियर बॉयज डिवीजन ने पहला, सीनियर गर्ल्स एनसीसी ने दूसरा और जूनियर गर्ल्स विंग्स एनसीसी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

🇮🇳.सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बिखेरा रंग
स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरगिट्टी ने प्रथम, आंध्र समाज उच्चतर माध्यमिक शाला ने द्वितीय और सेजेस तिफरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मास पीटी और जूम्बा वर्कआउट सहित अन्य प्रस्तुतियों ने समारोह को जीवंत बना दिया।

🇮🇳.विकास की झांकियों ने दिखाई योजनाओं की तस्वीर
जिले के 21 विभागों द्वारा शासन की प्रमुख योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। झांकी प्रतियोगिता में पुलिस विभाग को प्रथम, केन्द्रीय जेल बिलासपुर को द्वितीय और जिला पंचायत बिलासपुर को तृतीय पुरस्कार मिला। समारोह के बाद झांकियों का शहर भ्रमण कराया गया, जिससे आम जनता तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा सके।


🇮🇳.जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री धरमजीत सिंह, श्री धरमलाल कौशिक, श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। संभागायुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद थे।
