44 नव नियुक्त हैंडपंप तकनीशियनों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र
16 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
रायपुर/बिलासपुर
उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री अरुण साव ने आज व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) के माध्यम से चयनित 44 नए हैंडपंप तकनीशियनों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नवनियुक्त तकनीशियनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ में पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु नया टोल फ्री नंबर 1916 भी जारी किया गया।

नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि आज का दिन सभी नवनियुक्त कर्मचारियों के लिए नए जीवन की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि शासकीय नौकरी प्राप्त करना सपनों को साकार करने की दिशा में पहला कदम है, लेकिन यह मंज़िल नहीं, बल्कि एक नया पड़ाव है। आगे नई जिम्मेदारियां, नई चुनौतियां और नया कार्यक्षेत्र मिलेगा, जिसके लिए सभी को मानसिक रूप से तैयार रहना होगा।

उप मुख्यमंत्री ने तकनीशियनों को जनता से अच्छा व्यवहार रखने और ईमानदारी से कार्य करने की सीख देते हुए कहा कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सीधे आम जनता से जुड़ा विभाग है, जहां सेवा भावना सर्वोपरि होनी चाहिए।
इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव श्री मोहम्मद कैसर अब्दुलहक ने बताया कि प्रदेश में 29 हजार से अधिक नल-जल योजनाएं स्वीकृत हैं, जिनमें से 7000 से अधिक योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त तकनीशियन विभाग की जमीनी कड़ी होंगे और फील्ड में रहकर प्रदेशवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता श्री ओंकेश चंद्रवंशी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
