06 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर….
रायगढ़ ब्यूरो….
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक में 27 दिसंबर को हुई हिंसक घटना के बाद पुलिस ने महिला सम्मान पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक मजबूत और प्रतीकात्मक संदेश दिया है। महिला पुलिसकर्मियों से बदसलूकी के मुख्य आरोपी चित्रसेन को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे सार्वजनिक रूप से पैदल जुलूस के रूप में शहर में घुमाया।

हेमू कालानी चौक से निकाले गए इस जुलूस के दौरान आरोपी के चेहरे पर कालिख पोती गई और उसे जूतों की माला पहनाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को महिला सम्मान और कानून व्यवस्था के प्रति शून्य सहनशीलता का स्पष्ट संदेश माना जा रहा है।
महिला पुलिसकर्मियों के साथ अमानवीय व्यवहार से भड़का आक्रोश
गौरतलब है कि 27 दिसंबर को तमनार क्षेत्र में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं के दौरान महिला थाना प्रभारी सहित कई महिला पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई थी। आरोपियों द्वारा वर्दी फाड़ने और अभद्र व्यवहार जैसी शर्मनाक हरकतों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

लगातार दबिश के बाद अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी चित्रसेन की गिरफ्तारी के बाद महिला पुलिसकर्मियों में गहरा रोष देखने को मिला, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने यह कड़ा कदम उठाया।
🚨कानून से ऊपर कोई नहीं: पुलिस प्रशासन🚨
पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी हो या आम महिला नागरिक—महिला सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस के अनुसार, मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश लगातार की जा रही है। जांच प्रक्रिया जारी है और सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
यह कार्रवाई समाज के लिए एक सशक्त संदेश है कि महिला गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले अपराधी चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उन्हें अपने कृत्य की सजा अवश्य मिलेगी। महिला सम्मान अडिग है और अपराध का अंजाम तय।
