16 दिसंबर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर:–छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष 2025 के अंतर्गत विशेष सप्ताह के आयोजन के क्रम में 15 दिसंबर को साइन लैंग्वेज डे पर शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय, तिफरा में विविध कार्यक्रम संपन्न हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती व छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।


दृष्टिबाधित बालिकाओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, वहीं श्रवणबाधित विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक नृत्य एवं गीतों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर श्री एस. एस. दुबे ने साइन लैंग्वेज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने भारतीय सांकेतिक भाषा के विकास और उसके राष्ट्रीय स्तर पर मिले महत्व की जानकारी दी।

इस अवसर पर प्रभारी अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा एवं संयुक्त संचालक श्री टी. पी. भावे ने श्रवणबाधित विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की और समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।
