200 से अधिक लोगों ने कराई स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञों से लिया परामर्श
16 दिसंबर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर…….
बिलासपुर:– जिला प्रशासन के सहयोग से अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर द्वारा ओल्ड कंपोजिट बिल्डिंग परिसर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने स्वयं अपनी स्वास्थ्य जांच कराकर किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ रहकर ही हम अपने परिवार, समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकते हैं।

कलेक्टर श्री अग्रवाल ने इस जनहितकारी पहल के लिए अपोलो हॉस्पिटल प्रबंधन की सराहना की। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त श्री अमित कुमार भी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान 200 से अधिक लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त किया।

शिविर में अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सोफिया सुल्ताना एवं डॉ. विजया लक्ष्मी, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक कौशले, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. आकाश गर्ग तथा जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. मंदार गोकाटे विशेष रूप से मौजूद रहे। चिकित्सकों द्वारा मरीजों को निःशुल्क परामर्श देने के साथ-साथ ब्लड प्रेशर, शुगर, हार्ट रेट तथा रक्त में ऑक्सीजन की मात्रा की जांच की गई।

निःशुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ ओल्ड कंपोजिट बिल्डिंग में कार्यरत कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उठाया। लोगों ने इस शिविर को स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला एवं उपयोगी बताया।
