देवेन्द्र नगर के सूने मकान में की थी वारदात, एक लाख 25 हजार का माल बरामद
09 दिसम्बर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर:–थाना सिविल लाईन पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान सतर्कता दिखाते हुए चोरी के एक आरोपी को चोरी के पूरे माल सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई शांतिनगर क्षेत्र में पैदल पेट्रोलिंग के दौरान की गई।

पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति अचानक भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दौड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान संजय ध्रुव, निवासी सकरी अटल आवास के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी नोट एवं सिक्के बरामद किए गए।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यह सामान देवेन्द्र नगर स्थित एक सूने मकान में चोरी किया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम देवेन्द्र नगर पहुँची, जहां मकान मालिक चंद्रभान सिंह ठाकुर से संपर्क किया गया। मकान मालिक ने अपने घर में चोरी होने की पुष्टि की।


मकान मालिक की पुष्टि एवं आरोपी के कथन के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर ₹1,25,000/- का पूरा चोरी गया सामान बरामद किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
सिविल लाईन पुलिस की इस तत्परता से क्षेत्र में सक्रिय चोरों में हड़कंप मच गया है और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।
