January 20, 2026
1001287950.jpg
Spread the love

कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

27 नवम्बर 2025

सीजी क्राइम रिपोर्टर……।

बिलासपुर:–कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तखतपुर विकासखंड के ग्राम खम्हरिया, नगोई और ढनढन का दौरा कर धान खरीदी व्यवस्था का जायज़ा लिया। उन्होंने मौके पर धान खरीदी व्यवस्था देखी। धान बेचने आए किसानों से चर्चा कर उनका फीडबैक लिया। समिति प्रबंधन को साफ हिदायत दी कि किसानों को अपनी उपज बेचने में केंद्र में कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। छाया, पानी समेत अन्य सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। किसानों ने उपार्जन केंद्र में की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जाहिर किया।


कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने निरीक्षण के दौरान प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों से धान खरीदी में किसी तरह की अनियमितता न हो। शासन द्वारा धान खरीदी के लिए निर्धारित 16 बिंदुओं के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने केंद्रों पर तोल, भंडारण, टोकन वितरण और ऑनलाइन प्रविष्टि संबंधी व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया।

किसानों से की गई बातचीत में कलेक्टर ने उनकी उपज, खेती के रकबे और इस मौसम में आई चुनौतियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने किसानों को रबी सीजन में अन्य फसलों की खेती के लिए भी प्रोत्साहित किया, जिससे उनके लिए आय के नए स्रोत बनें और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सरकार द्वारा दलहन तिलहन फसलों के लिए भी बीज और अन्य सुविधाएं प्रदान कर रही है।

चर्चा के दौरान किसानों ने बताया कि इस बार खरीदी प्रक्रिया तेज, सुचारू और पारदर्शी रही है, जिससे उन्हें लंबी प्रतीक्षा या किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा है।

ग्राम ढनढन के बुजुर्ग किसान हरचंद पटेल, रमेश साहू से कलेक्टर ने चर्चा की और खेती, उपज और केंद्र में सुविधाओं की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि केंद्र में समय पर तौल और पारदर्शी प्रक्रिया से धान बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

किसान हरचंद पटेल ने बताया कि वे दो एकड़ में खेती करते है और आज केंद्र में टोकन कटवाने के लिए पहूंचे है।

इसी तरह किसान रमेश साहू ने बताया कि वे आज 50 क्विंटल धान बेचने पहुंचे है। टोकन कटाने से लेकर धान विक्रय करने में उन्हें कोई समस्या नहीं आई।

जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में इस वर्ष की सुव्यवस्थित व्यवस्था से किसानों संतुष्ट है। ढनढन केंद्र में अब तक 3 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है। केंद्र में 777 किसान पंजीकृत है। यहां आसपास के 5 गांव के किसान अपना धान लेकर पहुंचते है।


निरीक्षण के दौरान खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, उपपंजीयक चंद्रशेखर जायसवाल सहकारी बैंक के सीईओ श्री प्रभात मिश्रा, जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी आशीष दुबे, जिला विपणन अधिकारी अमित चंद्राकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।