पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर सुलझाया मामला, ₹3.55 लाख की संपत्ति बरामद
10 नवंबर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर……
बिलासपुर:–मंगला चौक स्थित स्क्वायर फीट टाइल्स दुकान में हुई तिजोरी तोड़कर नगदी चोरी की वारदात को सिविल लाइन पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर सुलझा लिया। पुलिस ने इस चोरी की घटना में शामिल दो आरोपियों को मध्यप्रदेश के देवास से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹1,97,000 नगद सहित चोरी की रकम से खरीदे गए दो आईफोन, कपड़े, जूते और अन्य सामान कुल ₹3,55,000 की संपत्ति बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेंद्र जायसवाल, श्री अनुज कुमार (एसीसीयू) एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में एसीसीयू (सायबर सेल) व थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की।
घटना का विवरण
दुकान संचालक सत्यजीत राजनकर, निवासी अज्ञेय नगर बिलासपुर, ने 31 अक्टूबर 2025 को थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 अक्टूबर की शाम दुकान बंद करने के बाद 30 अक्टूबर की सुबह जब वे पहुंचे, तो देखा कि दुकान की छत उखाड़ी गई थी और तिजोरी से ₹5,80,000 नगद चोरी हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी बिलासपुर ने तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसीसीयू व थाना सिविल लाइन की टीम ने शहर और आसपास के 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले, जिनसे संदिग्धों की पहचान की गई। सायबर सेल की तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की लोकेशन मध्यप्रदेश के देवास में पाई गई।
गिरफ्तार आरोपी:–
1.सोमू उर्फ अनुज कश्यप, पिता कृष्ण कुमार कश्यप, उम्र 23 वर्ष, निवासी तोरवा, राधाकृष्ण मंदिर के पास, थाना तोरवा, बिलासपुर (छ.ग.)
2.आर्यन शुक्ला, पिता उमेश शुक्ला, उम्र 22 वर्ष, निवासी बाबू जगजीवन वार्ड नं. 21, कटनी, थाना मुरवाडा, जिला कटनी (म.प्र.)


पुलिस टीम — निरीक्षक अजहर उद्दीन, सउनि चंद्रकांत डहरिया, आरक्षक विकास श्रीवास, निखिल जाधव एवं विरेंद्र गंधर्व — ने देवास में स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
बरामद संपत्ति:–
👉.नगद ₹1,97,000
👉.दो आईफोन एवं चार्जर, कीमत ₹1,30,000
👉.कपड़े, जूते, बैग आदि कीमत ₹28,000
👉.चोरी में प्रयुक्त स्कूटी, पेचकस, प्लास एवं टूटा तिजोरी का ताला
आरोपियों ने पूछताछ में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है। उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
बिलासपुर पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर सटीक तकनीकी इनपुट और मेहनती जांच के आधार पर इस चोरी के मामले को सुलझाकर त्वरित कार्रवाई का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है।
