11 नवम्बर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर:–कोटा पुलिस ने क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने अवैध रूप से कबाड़ परिवहन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 नवंबर 2025 को थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग को मुखबिर से सूचना मिली कि एक छोटा हाथी वाहन में अवैध कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम को रवाना किया गया और मुखबिर के बताए मार्ग पर घेराबंदी की गई।


घेराबंदी के दौरान सफेद रंग का छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG 10 C 5074 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से करीब 1.5 क्विंटल पुराने स्टील के बर्तन, कढ़ाई एवं अन्य कबाड़ सामग्री (कीमती लगभग ₹51,000) बरामद की गई। वाहन की अनुमानित कीमत ₹30,000 बताई गई है। इस तरह जब्त कुल संपत्ति की कीमत लगभग ₹81,000 आंकी गई है।

पुलिस ने मौके से वाहन चालक भरत वैष्णव पिता नर्मदा वैष्णव (उम्र 24 वर्ष), निवासी खुरदुर, थाना कोटा, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ धारा 35(3) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। जब्त वाहन एवं सामग्री को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग, सहायक उपनिरीक्षक शिवकुमार साहू, प्रधान आरक्षक हरप्रसाद डहरिया, आरक्षक ओमकार नेताम एवं आरक्षक विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोटा पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
