सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: हॉस्टल संचालक गुरमीत सिंह गिरफ्तार, नाबालिक छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप

Spread the love

24 सितम्बर 2025

(सीजी क्राइम रिपोर्टर)

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में स्थित Sure Zindagi Girls Hostel की एक नाबालिक छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोप में हॉस्टल संचालक गुरमीत सिंह पिता स्व. गुरुबचन सिंह उम्र 63 वर्ष निवासी लिंगियाडीह को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

घटना का विवरण:


प्रार्थिया ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह Sure Zindagi Girls Hostel में रहकर भारत टेंट हाउस में सिलाई का काम करती है। दिनांक 22 सितम्बर 2025 की रात करीब 9 बजे काम से लौटने के बाद उसने हॉस्टल संचालक को किराया दिया और खाना खाकर अपने कमरे में सो गई। दरवाजा बंद करना भूल जाने पर अगली सुबह करीब 5 बजे आरोपी गुरमीत सिंह कमरे में घुस आया और गलत हरकत करने लगा। पीड़िता के शोर मचाने पर भी वह भागा नहीं, बल्कि पुनः छेड़छाड़ करने लगा। बचने के प्रयास में छात्रा ने उसके हाथ में काट लिया, तब जाकर आरोपी भाग निकला।

पीड़िता अनुसूचित जाति वर्ग की होने से पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 1322/2025, धारा 75(1)(प), 331(2) बीएनएस एवं 3(2)V SC/ST Act के तहत अपराध दर्ज किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक निलेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी गुरमीत सिंह को 23 सितम्बर 2025 को दोपहर 3:45 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।