January 20, 2026
IMG-20250802-WA0048.jpg
Spread the love

15 सितम्बर 2025

(सीजी क्राइम रिपोर्टर)

बिलासपुर:–सरकण्डा पुलिस ने नाबालिक बालिका को बहला-फुसलाकर वेश्यावृत्ति के धंधे में धकेलने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह में शामिल एक महिला, उसका साथी और विधि से संघर्षरत दो नाबालिक बालिकाओं को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 8 अगस्त 2025 को एक महिला ने थाना सरकण्डा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिक बेटी घरेलू विवाद से नाराज होकर घर से लापता हो गई है। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला। अपहरण की आशंका पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिक बालिका को बरामद कर पूछताछ की। पीड़िता ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि घर से निकलने के बाद वह अपनी सहेली के घर गई थी, जहां से उसकी सहेली और परिजन उसे बहलाकर रायगढ़ ले गए। वहां एक कमरे में बंद कर जबरन शराब पिलाई जाती थी और अलग-अलग पुरुषों के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर उसे धमकाया और मारपीट भी की जाती थी।

पीड़िता ने आगे बताया कि इस पूरे गोरखधंधे को उसकी सहेली, सहेली की मां कालिका तिवारी और मुख्य सरगना विकास उर्फ विक्की भोजवानी मिलकर अंजाम देते थे।

सरकण्डा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी विक्की भोजवानी के खिलाफ पहले भी पिटा एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी:–

1. कालिका तिवारी पति संतोष तिवारी, उम्र 32 वर्ष, निवासी श्यामनगर लिंगियाडीह, थाना सरकण्डा।

2. विकास उर्फ विक्की भोजवानी पिता स्व. चंद्रप्रकाश भोजवानी, उम्र 40 वर्ष, निवासी मसानगंज, थाना सिविल लाइन।

3. विधि से संघर्षरत 2 नाबालिक बालिका।