बिलासपुर। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में राजकिशोर नगर स्थित ओम पैलेस में आयोजित भव्य दीपावली स्नेह मिलन समारोह सामाजिक समरसता, आत्मीयता और संगठनात्मक एकजुटता का यादगार आयोजन बन गया। समारोह में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, वरिष्ठजनों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति और युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

दीपावली की खुशियों के बीच विधायक ने सभी से आत्मीय मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं और स्नेहभोज में सहभागिता की। संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्सव का रंग और गहरा कर दिया।

राजा पाण्डेय ने सराहा सुशांत शुक्ला का नेतृत्व और आयोजन की परंपरा – छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय ने कहा कि सुशांत शुक्ला के विधायक बनने के बाद बेलतरा विधानसभा में सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान मिली है।

तीजा तिहार, बेलतरा महोत्सव और दीपावली स्नेह मिलन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रत्येक समाज और वर्ग को एक मंच पर आने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पहले क्षेत्र में देखने को नहीं मिलते थे। इनसे कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और सामाजिक संबंधों के साथ संगठनात्मक एकजुटता भी मजबूत हो रही है।

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि दीपावली प्रेम, विश्वास और सद्भाव का पर्व है तथा बेलतरा विधानसभा का प्रत्येक परिवार उनके लिए अपना परिवार है। वरिष्ठजनों का आशीर्वाद, कार्यकर्ताओं का उत्साह, मातृशक्ति का स्नेह और विभिन्न समाजों की सहभागिता उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है।

उन्होंने सभी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र में भाईचारे, सामाजिक समरसता और पारिवारिक अपनत्व की परंपरा को और मजबूत करना उनका निरंतर प्रयास रहेगा। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
