बिलासपुर। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला कारोबार के जरिए अवैध रूप से करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित करने वाले संगठित वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 229/2026 की जांच के दौरान देश के विभिन्न राज्यों में सट्टे की रकम के लेन-देन और हवाला के माध्यम से धन हस्तांतरण के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस की 13 नवंबर 2026 को की गई तलाशी में करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां, बैंक संबंधी दस्तावेज और लगभग 25 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
जांच में आरोपियों की विदेश, विशेषकर दुबई में भी संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने संबंधित आरोपियों के विरुद्ध लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कराया है और रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। फिलहाल बैंकिंग लेन-देन, हवाला नेटवर्क, संपत्तियों के वास्तविक स्रोत और उनके लाभार्थियों की विस्तृत जांच की जा रही है। अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत कुर्की की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में सुनील रोहरा पिता दिलीप कुमार रोहरा, मनीष रोहरा पिता दिलीप रोहरा और संदेही आकाश गोगा निवासी जबलपुर के नाम सामने आए हैं। बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल सट्टा संचालित करने वालों तक सीमित न रहकर पूरे संगठित वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करना और अपराध से अर्जित संपत्तियों को कानून के दायरे में लाना है।
