बिलासपुर। कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस समारोह में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने सोशल मीडिया के क्षेत्र में अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रथम पुरस्कार हासिल किया है। इस उपलब्धि पर 20 नवंबर को एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में जनसंपर्क विभाग की पूरी टीम ने निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास से मुलाकात कर उन्हें पुरस्कार की ट्रॉफी भेंट की।
इस दौरान बिरंची दास ने पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके समर्पण, रचनात्मकता और उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि डिजिटल संचार और प्रभावी जनसंपर्क के माध्यम से कंपनी की उपलब्धियों, खनन गतिविधियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में जनसंपर्क विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने टीम को भविष्य में भी नवाचार और समर्पण के साथ बेहतर प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
उल्लेखनीय है कि कोलकाता में आयोजित कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस समारोह में एसईसीएल को कुल सात पुरस्कार मिले, जिनमें तीन कॉर्पोरेट और चार व्यक्तिगत पुरस्कार शामिल हैं। कॉर्पोरेट श्रेणी में सोशल मीडिया प्रेजेंस के लिए प्रथम तथा पर्यावरण प्रबंधन और भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास के लिए द्वितीय पुरस्कार मिला। सोशल मीडिया का प्रथम पुरस्कार कंपनी की उपलब्धियों, पर्यावरण संरक्षण, सीएसआर गतिविधियों और कर्मचारी कल्याण से जुड़ी जानकारियों को रचनात्मक तरीके से डिजिटल माध्यमों पर प्रस्तुत करने के प्रयासों का सम्मान है।
