गेवरा। एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान गेवरा के व्यू प्वाइंट पर एसईसीएल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मानव शृंखला बनाकर “सतर्कता ही समृद्धि है” का संदेश दिया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत आयोजित संकल्प दिवस पर एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। यह सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एसईसीएल में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। तकनीक के माध्यम से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ सतर्कता के नाम’ पहल के तहत पौधारोपण किया गया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह में स्कूली बच्चों के लिए प्रतियोगिताओं, जनजागरूकता अभियानों और अन्य गतिविधियों का आयोजन भी किया जा रहा है।

इन पहलों का उद्देश्य कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता से पारदर्शी कार्यसंस्कृति को मजबूत करना तथा भ्रष्टाचारमुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
