बेमेतरा। साइबर ठगी की रकम अपने बैंक खातों में मंगाकर लेनदेन करने के मामले में बेमेतरा पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की देवरबीजा शाखा और आईडीबीआई बैंक की बेमेतरा शाखा से जुड़े खातों में 2 लाख 15 हजार 439 रुपये के संदिग्ध लेनदेन सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया जा रहा था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने जितेन्द्र वर्मा (24), संजय यादव (20), चन्द्रमणी साहू (23), लोकेन्द्र साहू (21), दुर्गेश साहू (20) और दिलेश्वर साहू (28) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बेमेतरा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये है, जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को 27 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। देवरबीजा चौकी पुलिस ने बैंक खातों के विवरण की जांच के बाद संदिग्ध लेनदेन की कड़ियां खंगालीं। पुलिस अब म्यूल खातों के इस्तेमाल और साइबर ठगी से जुड़े लेनदेन की जांच कर रही है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी प्रशिक्षु उपनिरीक्षक ईश्वरी कुमारी डुप्ले सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
