रायगढ़। फाइनेंस कंपनी की 40 महिला हितग्राहियों से लोन की किस्तों के नाम पर ₹7,58,937 लेने और कंपनी में जमा नहीं करने के आरोप में रायगढ़ पुलिस ने विक्रम सिंह सिदार (20) को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गया था और हैदराबाद के बंजारा हिल्स क्षेत्र में एक कपड़े की दुकान में सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था। पुलिस उसे रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, भारत फाइनेंशियल इनक्लूजन लिमिटेड की रायगढ़ शाखा के प्रबंधक वासुदास मानिकपुरी ने 31 अगस्त 2026 को सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि कंपनी में कलेक्शन एजेंट के पद पर कार्यरत विक्रम ने सितंबर 2023 से अगस्त 2024 के बीच महिला हितग्राहियों से लोन की किस्तें और बकाया ऋण एकमुश्त जमा करने के नाम पर रकम ली, लेकिन कंपनी में जमा नहीं की। मामले में अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान ग्राहकों के खाते संबंधी दस्तावेज भी जब्त किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने आरोपी की तलाश करते हुए हैदराबाद में दबिश दी। एएसआई विलफ्रेड मसीह और प्रधान आरक्षक प्रकाश तिवारी की टीम ने उसे कपड़े की दुकान से पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर गबन की रकम खर्च कर देना बताया। पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह सिदार, पिता बाबूलाल सिदार, निवासी अमेराडीह, जिला सक्ती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
