रायगढ़। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद 13 वर्षीय बालिका को शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ ले जाने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लापता बालिका को सकुशल बरामद कर आरोपी उत्तम रावत उर्फ रिशु रावत, निवासी भांठापारा, निपनिया को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, बालिका की मां ने 21 अक्टूबर को कोतवाली थाने में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों और सहेलियों से पूछताछ करने के साथ सोशल मीडिया खाते की भी जांच की। सामने आया कि बालिका की करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी से पहचान हुई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी 20 अक्टूबर को बालिका को रायगढ़ रेलवे स्टेशन के पास बुलाकर ट्रेन से डोंगरगढ़ ले गया था। वहां उसे अपने दोस्त के घर पर रखा था। लगातार स्थान बदलने के कारण तलाश में कठिनाई आई, लेकिन 26 अक्टूबर को रायगढ़ पहुंचने पर पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
बालिका के बयान और चिकित्सकीय जांच के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 65(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 जोड़ी है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक विजय एक्का और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अभिभावकों से बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों के प्रति सजग रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
