बिलासपुर। जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में पेयजल, बिजली, प्रधानमंत्री आवास, जाति प्रमाण पत्र, फसल बीमा, शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे और दिव्यांग पेंशन से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। अधिकारियों ने आवेदनों पर संबंधित विभागों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे भी मौजूद रहे।

ग्राम पंचायत निरतू और आश्रित ग्राम अदराली में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी टंकी से पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं होने तथा निरतू के खाल्हेपारा में ट्रांसफार्मर बंद होने की समस्या उठाई गई। ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। वहीं, चनाडोंगरी निवासी भोला कैवर्त ने अपनी दिवंगत माता के नाम स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास की राशि नहीं मिलने, तिफरा निवासी कैलाश बाई ध्रुव ने पुत्र का जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं होने और मुढ़ीपार के किसानों ने रबी फसल बीमा की राशि लंबित होने की शिकायत की। चकराकुण्ड-चोरभट्ठी निवासी सोमेश कुमार वस्त्रकार ने शासकीय भूमि पर कथित अवैध निर्माण से रास्ता बाधित होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

इसके अलावा कपसियाखुर्द निवासी दिव्यांग पुन्नीराम साहू ने पिछले करीब छह महीने से पेंशन नहीं मिलने की समस्या रखते हुए लंबित राशि दिलाने का अनुरोध किया।

जनदर्शन में पहुंचे सभी आवेदकों की समस्याओं को सुनने के बाद कलेक्टर और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
