बिलासपुर। तारबाहर थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में 22 वर्षीय आरोपी ठाकुर राम रात्रे उर्फ हर्ष को रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रायपुर में किराये के मकान में बालिका को रखे हुए था।
पुलिस के मुताबिक, बालिका की मां ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री 9 मई 2026 की शाम घर से बिना बताए कहीं चली गई है। अपहरण की आशंका पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को आरोपी के रायपुर में होने की जानकारी मिली।
सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस ने टीम गठित कर रायपुर में दबिश दी और बालिका को आरोपी के किराये के मकान से बरामद किया। पुलिस ने आरोपी ठाकुर राम रात्रे उर्फ हर्ष, निवासी ग्राम नरदहा, थाना विधानसभा, रायपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
