बेमेतरा। दुकान में हुए विवाद के बाद घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश यादव उर्फ मंत्री (33 वर्ष) और संतोष साहू (24 वर्ष), निवासी पण्डरभट्ठा, जिला बेमेतरा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे डोमेश साहू (22 वर्ष) की दुकान के सामने अजय दुबे और संतोष साहू के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी दिन शाम करीब 5 बजे अजय दुबे, संतोष साहू और महेश यादव उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इस दौरान महेश यादव ने डोमेश साहू के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
प्रकरण में अजय दुबे को 27 सितंबर को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि महेश यादव उर्फ मंत्री और संतोष साहू को 8 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव एवं एसडीओपी भूषण एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला और पुलिस टीम ने की।
