बेमेतरा। गौवंश को पिकअप में ठूंसकर कथित तौर पर कत्लखाने ले जाने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बक्सु खान (37) और शाहिद खान (27), दोनों निवासी छोटा रेंगाखार, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 7 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
मामला 25 जुलाई 2026 का है। शिकायत के मुताबिक, ग्राम पदमी के पास एक पिकअप वाहन से आवाज आने पर उसे रुकवाकर जांच की गई। वाहन में एक भैंस, एक बिजाड़ और दो पड़वा को बिना चारा-पानी के ठूंसकर ले जाया जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन सहित चारों पशुओं को अपने कब्जे में लिया। मामले में पहले वाहन चालक मोहित राम पटेल और उसके साथी संतोष श्रीवास को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने प्रकरण में पिकअप वाहन, जिसकी कीमत दो लाख रुपये, और चार गौवंश, जिनकी कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है, सहित कुल 2.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस के अनुसार, मामले में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार दोनों नए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार किया है। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
