हरदीप सलूजा बोले—जरूरतमंद के जीवन में छोटा-सा बदलाव लाना भी बड़ी सेवा, ‘हमर पहुना’ में साझा किए संघर्ष और समाजसेवा के अनुभव

बिलासपुर। समाजसेवा के लिए बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि संवेदनशील सोच और मदद के जज्बे की जरूरत होती है। रामसेतु निर्माण में गिलहरी के छोटे से योगदान की तरह हर व्यक्ति अपनी सामर्थ्य के अनुसार समाज में बदलाव ला सकता है। जरूरतमंद के जीवन में छोटा-सा सकारात्मक बदलाव भी बड़ी सेवा है। यह संदेश लायंस क्लब बिलासपुर के अध्यक्ष हरदीप सिंह सलूजा ने गुरुवार को बिलासपुर प्रेस क्लब के परंपरागत कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में दिया। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन के संघर्ष, पारिवारिक पृष्ठभूमि, व्यवसाय और समाजसेवा से जुड़े अनुभव साझा किए।

सलूजा ने बताया कि 20 दिसंबर 1964 को स्थापित लायंस क्लब बिलासपुर छह दशक से अधिक समय से स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में सक्रिय है। वर्तमान सत्र में अब तक 29 सेवा गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। सेवा सप्ताह के दौरान जिला अस्पताल में फल वितरण, मातृछाया में राशन व आवश्यक सामग्री, आंगनबाड़ी के बच्चों को भोजन, मूक-बधिर बच्चों को टिफिन और पानी की बोतलें, जरूरतमंद बस्तियों में राशन तथा वृद्धाश्रम में कपड़े वितरित किए गए। गुरुवार को गनियारी अस्पताल में तीन मेडिकल बेड, व्हीलचेयर, राशन, फल और कपड़े उपलब्ध कराए गए। उन्होंने बताया कि सेवा कार्यों के दौरान एक गांव में श्मशान घाट के बीच संचालित स्कूल को देखकर वे विचलित हुए। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्कूल में बाउंड्रीवाल की जरूरत संबंधित स्तर पर उठाने की बात कही।

अपने जीवन के बारे में बताते हुए सलूजा ने कहा कि उनका जन्म ग्राम कुंडा में हुआ। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने सीएमडी कॉलेज से स्नातक किया और वर्ष 2008 में बिलासपुर आकर होटल व्यवसाय शुरू किया। व्यावसायिक व्यस्तताओं के बीच भी वे समाजसेवा के लिए समय निकालते हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद के बाद उनके चेहरे पर दिखने वाली संतुष्टि ही सेवा कार्यों की सबसे बड़ी प्रेरणा है। आने वाले समय में लायंस क्लब स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और मानवसेवा के क्षेत्र में गतिविधियों का विस्तार करेगा।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजयकांति तिवारी, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार और लायंस क्लब के सचिव मनीष चंदेल, कोषाध्यक्ष सीए रौनक अग्रवाल, श्रीकांत सहारे, डॉ. अरुण शुक्ला, मोहन होनप, डॉ. राजेश दुबे, सागरी जी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। प्रेस क्लब की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ, सफेद वस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।
