बिलासपुर। ग्राम गनियारी में लोहे का धारदार चापड़ लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले 19 वर्षीय युवक को कोटा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सूरज वर्मा उर्फ घोड़ा के कब्जे से एक लोहे का धारदार चापड़ जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गनियारी में एक युवक धारदार चापड़ लहराकर आम लोगों को धमका रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश और अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोटा पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा और उसके कब्जे से चापड़ जब्त किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी इंस्टाग्राम पर चाकू दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने से जुड़ी गतिविधि कर चुका है। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप साहू, प्रधान आरक्षक संबंध साय सिदार तथा आरक्षक संजय श्याम और धर्मेंद्र साहू की अहम भूमिका रही।
